कन्नौज: मध्यान्ह भोजन योजना के लिए एक करोड़ 68 लाख की रकम मंज़ूर

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)  जनपद के परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को स्वच्छ, पौष्टिक एवं संतुलित मध्यान्ह भोजन सुनिश्चित कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री द्वारा पी.एम. पोषण (मध्यान्ह भोजन) योजना के अंतर्गत रु० 1 करोड़ 68 लाख की धनराशि को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस स्वीकृत धनराशि से तेल, मसाले, दाल, ईंधन, मौसमी सब्जियां,  दूध आदि आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं पोषण स्तर में निरंतर सुधार सुनिश्चित हो सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मध्यान्ह भोजन व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। सभी प्रधान/प्रधानाध्यापक यह सुनिश्चित करें कि भोजन पूर्ण स्वच्छता, गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप ही तैयार एवं वितरित किया जाए।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में 1006 प्राथमिक विद्यालय, 259 उच्च प्राथमिक विद्यालय, 194 कम्पोजिट विद्यालय, 39 अशासकीय सहायता प्राप्त उच्च प्राथमिक विद्यालय, 13 सहायता प्राप्त मदरसे, 04 दीनदयाल उपाध्याय राजकीय विद्यालय, 01 अनुदानित संस्कृत विद्यालय तथा 60 इंटर कॉलेज, इस प्रकार कुल 1576 विद्यालयों में मानक मेन्यू के अनुसार मध्यान्ह भोजन का नियमित वितरण किया जा रहा है।

बच्चों के पोषण स्तर को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी महोदय की पहल पर प्रत्येक बुधवार को दूध वितरण की अतिरिक्त व्यवस्था लागू की गई है। इसी क्रम में आज प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को 150 मि.ली. तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को 200 मि.ली. ताजा दूध उपलब्ध कराया गया। यह पहल न केवल बच्चों के शारीरिक विकास एवं ऊर्जा वृद्धि में सहायक सिद्ध होगी, बल्कि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।