कन्नौज: अवैध बायोडीजल पंप पर छापेमारी, नोज़ल व भूमिगत टैंक सील

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)  जिला पूर्ति अधिकारी राजीव मिश्रा द्वारा आज सौरिख–परौर मार्ग स्थित ग्राम इज़लपुर, चौधरी मिस्टर सिंह डिग्री कॉलेज के सामने संचालित बायोडीजल पंप पर अपनी टीम के साथ आकस्मिक छापेमारी की गई। यह कार्रवाई पूर्ति निरीक्षक तिर्वा, प्रभारी लिपिक (पेट्रोलियम अनुभाग) एवं निरीक्षक विधिक बाट एवं माप विज्ञान की संयुक्त टीम द्वारा की गई। छापेमारी के दौरान पंप पर अजीत पुत्र रूपलाल, निवासी परौर उपस्थित पाए गए। निरीक्षण के समय उनके द्वारा पंप संचालन से संबंधित कोई भी वैध लाइसेंस अथवा अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया गया। जांच में यह पाया गया कि उक्त पंप से डीजल एवं पेट्रोल का अवैध रूप से विक्रय किया जा रहा था। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भूमिगत टैंक से डीजल एवं पेट्रोल के नमूने लिए गए तथा पंप पर स्थापित दो नोज़ल एवं भूमिगत टैंक से जुड़े चार पाइपों को सील कर दिया गया है।

साथ ही अजीत को अग्रिम आदेश तक किसी भी प्रकार के पेट्रोलियम पदार्थ की बिक्री न करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।