जिलाधिकारी ने नगर पंचायत कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)  जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने नगर पंचायत कार्यालय मोहम्दाबाद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों की स्थिति, जनसुनवाई व्यवस्था, साफ-सफाई एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। जिलाधिकारी ने नगर पंचायत में संचालित विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से संबंधित कार्यों में पारदर्शिता और संवेदनशीलता अनिवार्य है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, कार्यालय अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही निष्प्रयोज्य मशीनरी का मूल्यांकन कराकर नीलामी कराने, कूड़ा गाड़ियों की मरम्मत कराने, नगर पंचायत परिसर में स्थित पानी की टंकी के वॉल्व को दुरुस्त कराने, रिक्त पदों का अधियाचन शासन को भेजने तथा जलकर और गृहकर की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। नगर क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर भी विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।