सड़क सुरक्षा माह के तहत छात्रों को किया गया जागरूक : दिलाई गई शपथ

फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन मे सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, श्यामनगर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एआरटीओ.प्रवर्तन सुभाष राजपूत एवं जिला स्काउट मास्टर सुधीर कुशवाहा द्वारा छात्र.छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई और सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया।
एआरटीओ.प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने अपने संबोधन में बताया कि वर्ष 2025 में जनपद फर्रूखाबाद में 490 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 284 लोगों की मृत्यु हुई जबकि वर्ष 2024 में 390 दुर्घटनाओं में 213 लोगों की जान गई थी। उन्होंने बताया कि लगभग 65 प्रतिशत दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन शामिल होते हैं और मृतकों में लगभग 60 प्रतिशत दोपहिया वाहन सवार होते हैं। इसके साथ ही घायलों और मृतकों में करीब 20 प्रतिशत पैदल एवं साइकिल सवार शामिल हैं। चूंकि विद्यालय के अधिकांश छात्र साइकिल से आवागमन करते हैं इसलिए उन्हें विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं मुख्य रूप से लापरवाही के कारण बढ़ रही हैं जिन्हें नियंत्रित करना आवश्यक है। उन्होंने सभी से अपील की कि यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें। हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। ओवरलोडिंग न करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं। वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें तथा गति को नियंत्रण में रखें। साथ ही उन्होंने ‘नेक्स्ट जेन एम परिवहन‘ और डिजीलॉकर एप की जानकारी देते हुए बताया कि इन एप्स के माध्यम से वाहन और लाइसेंस से संबंधित प्रपत्र इलेक्ट्रॉनिक रूप में सुरक्षित रखे जा सकते हैं, जो पूर्णतः मान्य हैं। कार्यक्रम में बताया गया कि निजी वाहनों के संचालन के समय वैध ड्राइविंग लाइसेंसए पंजीयन प्रमाण पत्रए बीमा एवं प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र का भौतिक या इलेक्ट्रॉनिक रूप में होना अनिवार्य है। उत्तर प्रदेश में सभी नए वाहनों पर हाई.सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगवाना जरूरी है। साथ ही वाहन की सभी लाइटें, इंडिकेटर, रियर व्यू मिरर सही अवस्था में रखने और रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप के प्रयोग पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम में लगभग 700 छात्र.छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में एआरटीओ.प्रवर्तन द्वारा सभी को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। जिला स्काउट मास्टर सुधीर कुशवाहा ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समयबद्धता, कर्तव्यनिष्ठा और सहयोग जैसे गुणों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर श्यामनगर के प्रधानाचार्य नारायण जी मिश्रा एवं सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रामकृष्ण बाजपेई ने भी छात्रों को संबोधित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कॉलेज स्टाफ का सहयोग रहा।