फर्रूखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। अमृतपुर तहसील की ग्रामसभा अमृतपुर, विकासखंड राजेपुर स्थित संविलियन विद्यालय परिसर में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। जहां अधिकारियों द्वारा केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
जिलाधिकारी ने चौपाल के दौरान ग्रामीणों से संवाद करते हुए 18 वर्ष से अधिक आयु के युवक-युवतियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फार्म.06 भरने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का मताधिकार अत्यंत महत्वपूर्ण है इसलिए पात्र सभी युवाओं को मतदाता बनना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा.निर्देश भी दिए।
चौपाल में ग्रामीणों ने आवास, पेंशन, राशन, सड़क, बिजली और अन्य स्थानीय समस्याओं को उठाया, जिनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, जिला विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी, तहसीलदार अमृतपुर, खंड विकास अधिकारी राजेपुर सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने ग्राम चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
