नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। बिहार की राजधानी पटना के अशोक राजपथ पर इन दिनों एक अलग ही हलचल है। यह हलचल किसी कोचिंग संस्थान के बाहर नहीं, बल्कि एक पांच मंजिला आधुनिक अस्पताल के बाहर है। मशहूर शिक्षक खान सर द्वारा स्थापित ’खान हेल्थ केयर’ ने स्वास्थ्य सेवाओं के बाजार में एक क्रांतिकारी बदलाव पेश किया है। यहां इलाज की दरें इतनी कम हैं कि उन्होंने सरकारी अस्पतालों के मानकों को भी पीछे छोड़ दिया है।
चाय की कीमत में मेडिकल टेस्ट, रू 50 में विशेषज्ञ डॉक्टर
अस्पताल की सबसे बड़ी खासियत यहां की डायग्नोस्टिक दरें हैं। जहां निजी लैब में टेस्ट के नाम पर हजारों रुपए वसूले जाते हैं, वहीं खान हेल्थ केयर में दरें हैरान करने वाली हैं।
टेस्ट का नाम खान हेल्थ केयर दर बाजार की औसत दर
ओपीडी फीस रू 50 रू 300 – रू 800
ब्लड टेस्ट रू 7 रू 150 – रू 300
ईसीजी रू 25 रू 200 – रू 500
एक्स-रे रू 35 (डिजिटल एक्स-रे-70 रुपये) रू 300 – रू 600
थायरॉइड टेस्ट रू 90 रू 600 – रू 800
एमआरआई स्कैन रू 2,700 रू 9,000 – रू 12,000
किडनी टेस्ट रू 17 रू 400 – रू 700
अत्याधुनिक तकनीक और विशेषज्ञों की टीम
सिर्फ सस्ती दरें ही नहीं, बल्कि गुणवत्ता से भी कोई समझौता नहीं किया गया है। अस्पताल में रू 16 करोड़ से अधिक मूल्य के विदेशी मेडिकल उपकरण लगाए गए हैं।
विशेषज्ञ सेवाएंः अस्पताल में न्यूरोलॉजी (नसों), कार्डियोलॉजी (दिल) और नेफ्रोलॉजी (किडनी) जैसी गंभीर बीमारियों के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तैनात है।
सुविधाएंः यहां एक आधुनिक डायलिसिस सेंटर और हाई-टेक ऑपरेशन थिएटर पूरी तरह क्रियाशील है।
आगामी योजनाएंः जल्द ही यहां एक समर्पित ब्लड बैंक और कैंसर केयर यूनिट की शुरुआत होने वाली है।
नेपाल तक से पहुंच रहे मरीज
अस्पताल के गेट सुबह 9 बजे खुलते हैं, लेकिन मरीजों की भीड़ तड़के ही जुटना शुरू हो जाती है। सुबह 11 बजे तक टोकन बांटे जाते हैं। पटना कॉलेज के सामने वाली गली में स्थित इस सेंटर पर केवल बिहार ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश, झारखंड और पड़ोसी देश नेपाल से भी मरीज पहुंच रहे हैं।
खान सर की ऐतिहासिक पहल : 7 रुपए में ब्लड टेस्ट और 25 में ईसीजी ‘‘खान सर ने खोला देश का सबसे सस्ता अस्पताल’’

