व्यापारियों की पहल पर डाक विभाग ने शुरू की दिल्ली के लिए विशेष पार्सल सेवा

फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जरदोजी व्यवसायियों हेतु डाक विभाग की नई पहल का व्यापार मंडल ने स्वागत किया और कहा कि व्यापारियों के लिए डाक विभाग का यह कदम मील का पत्थर साबित होगा।
बता दें कि डाक विभाग द्वारा प्रतिदिन कोरियर डाक सेवा की बस दिल्ली के लिए 9 फरवरी को प्रारम्भ की गई है। जिसमें जरदोजी व्यवसायियों का माल पार्सल के माध्यम से फर्रुखाबाद से दिल्ली विशेष मेल मोटर द्वारा प्रेषण की सुविधा प्रदान की गई है, जिससे डाक विभाग द्वारा जरदोजी व्यवसायियों द्वारा प्रेषित किए जाने वाली सामाग्री को सुरक्षित एवं गति शील रूप से दिल्ली प्रेषित किया जाना अब ज्यादा आसान हो गया है। इस संबंध में जरदोजी व्यवसायियों व डाक विभाग के अधिकारियों की बैठक जरदोजी व्यापार मंडल के अध्यक्ष मुजफ्फर हुसैन रहमानी के प्रतिष्ठिन पर हुई। व्यवसायियों को संबोधित करते हुये अधीक्षक डाकघर फतेहगढ़ मण्डल राम सागर शर्मा ने कहा कि विशेष डाक वाहन प्रति दिन 1100 बजे रात्रि को दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि डाक विभाग पिछले लगभग 150 वर्षों से डाक का आदान प्रदान पूर्ण निष्ठा एवं गति शीलता से करने हेतु जाना जाता है। इसी क्रम में जरदोजी व्यवसायियों हेतु विभाग का यह कदम मील का पत्थर साबित होगा तथा व्यवसायियों को सुलभ, सुनश्चित, सुरक्षित एवं व्यवस्थित व्यवसाय करने में कारगर साबित होगा। इसके अलावा डाक अधीक्षक ने डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया तथा सहयोग की कामना की। बैठक में व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सदानंद शुक्ला, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष राजू गौतम, महिला जिलाध्यक्ष सोनी, मुजफ्फर हुसैन रहमानी, नगर अध्यक्ष इखलाक खां, नगर महामंत्री राकेश सक्सेना,डाक विभाग के आनंद भदौरिया, राजेश बाजपेई आदि मौजूद रहे।