कन्नौज: पंद्रहवे वित्त आयोग के प्रस्तावों पर बैठक में नही आये कन्नौज, गुरसहायगंज और समधन चेयरमैन

निर्माण प्रस्तावों पर नही हो सकी चर्चा

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में 15वां वित्त आयोग के अन्तर्गत नगर पालिका/पंचायतों के प्रस्ताव के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।

इस दौरान नगर पालिका परिषद कन्नौज, गुरूसहायगंज एवं नगर पंचायत समधन के अध्यक्षों द्वारा बैठक में अनुपस्थित पाये जाने पर आगामी बैठक में प्रस्ताव पर विचार-विमर्श करने के निर्देश दिये। 

उन्होनें नगर पालिका छिबरामऊ बुनियादी अनुदान के अन्तर्गत बाउण्ड्रीवाल, सीसी रोड, नाली, स्नानघर इत्यादि निर्माण कार्य कराये जाने हेतु प्रथम व द्वितीय किस्त जारी किये जाने हेतु सहमति प्रकट की। इसी प्रकार निर्दिष्ट अनुदान के अन्तर्गत सालिड वेस्ट मैनेजमेंट एवं जलापूर्ति के कार्याें पर गहनता से समीक्षा की तथा उपस्थित संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। 

उन्होनें नगर पंचायत सिकन्दरपुर व सौरिख तथा तालग्राम में बुनियादी एंव निर्दिष्ट अनुदान के अन्तर्गत मार्ग प्रकाश, निर्माण कार्य, जलापूर्ति इत्यादि के प्रस्ताव पर गहनता से समीक्षा करते हुये सहमति प्रकट की तथा निर्देश दिये कि जो भी कार्य कराया जाये वह मानक व गुणवत्तापूर्ण होने चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार का समझौता नही किया जायेगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) देवेन्द्र सिह, अध्यक्ष नगर पालिका छिबरामऊ, नगर पंचायत सिकन्दपुर, सौरिख, तालग्राम, आदि संबंधित उपस्थित रहे।