राज्यमंत्री असीम अरुण से की शिष्टाचार भेंट
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज/ लखनऊ :(आवाज न्यूज ब्यूरो)। लोकतांत्रिक व्यवस्था को करीब से समझने और शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली जानने के उद्देश्य से कन्नौज सदर विधानसभा क्षेत्र से एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को लखनऊ पहुंचा। इसमें एक ब्लॉक प्रमुख, 42 ग्राम प्रधान और 9 पत्रकार शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही को दर्शक दीर्घा से देखा। सदर विधायक व राज्य मंत्री असीम अरुण ने बताया कि प्रतिनिधियों ने प्रश्नकाल, चर्चा और निर्णय प्रक्रिया को समझा। इससे जनप्रतिनिधियों को विधानमंडल की प्रक्रिया के बारे में बेहतर जानकारी मिली।
यूपी दर्शन पार्क का किया भ्रमण
प्रतिनिधिमंडल ने गोमती नगर स्थित यूपी दर्शन पार्क का भ्रमण भी किया और प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक झलकियां देखीं। इसके बाद गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में कन्नौज सदर के विधायक और समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण से शिष्टाचार मुलाकात की। ग्राम प्रधानों ने कहा कि इस भ्रमण से उनको प्रेरणा मिली जो उनकी कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने में मदद देगा। वे अपने ग्रामसभा की बैठक भी इसी प्रकार करेंगे। इस दौरान क्षेत्रीय विकास, जनकल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा हुई। राज्यमंत्री ने सभी को स्मृति चिह्न भेंट कर आभार व्यक्त किया।

