बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी ने कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में मनरेगा, अन्नपूर्णा,सांसद/विधायक निधि संबंधित विभिन्न विकासपरक योजनाओं आयोजित बैठक में कहा कि सांसद निधि तथा विधायक निधि के सभी कार्य सीधे जनता से जुड़े हैं, अतः प्रत्येक कार्य को निर्धारित समय-सीमा में, सिस्टमैटिक ढंग से एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने मनरेगा कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि अमृत सरोवर, खेल मैदानों, पौराणिक स्थलों, मॉडल शॉप, सीएलएफ, आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए l उपायुक्त मनरेगा को निर्देश दिए गए कि वे स्वयं क्षेत्र में जाकर शेष कार्यों का भौतिक सत्यापन करें l उचित दर दुकानों के मॉडल शॉप का निरीक्षण संयुक्त रूप से उपायुक्त मनरेगा एवं जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा कराते हुए जियो-टैग्ड फोटोग्राफ सहित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी, परियोजना निदेशक डीआरडीए रामऔतार सिंह, उपायुक्त मनरेगा दिनेश यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

