कमालगंज नगर पंचायत में जिलाधिकारी का निरीक्षण, विकास कार्यों की समीक्षा

फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने शहरी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से नगर पंचायत कार्यालय कमालगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों की स्थिति, जनसुनवाई व्यवस्था, साफ-सफाई तथा नागरिक सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने नगर पंचायत में संचालित विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण एवं विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता अनिवार्य है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र पटल तथा आधार कार्ड संशोधन पटल का निरीक्षण किया और लंबित प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने तथा नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी द्वारा स्टोर का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने सभी अनुभागों में अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने, निष्प्रयोज्य मशीनरी का मूल्यांकन कराकर नीलामी की प्रक्रिया शुरू करने तथा खराब मशीनों की मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही निर्माण कार्यों को समय से पूर्ण कराने, नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था में सुधार लाने तथा जलकर एवं गृहकर की वसूली में तेजी लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। उन्होंने राज्य वित्त आयोग एवं 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि का कार्ययोजना बनाकर प्रभावी एवं पारदर्शी तरीके से उपयोग सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी के निरीक्षण से नगर पंचायत कार्यालय में प्रशासनिक सक्रियता बढ़ी है और व्यवस्थाओं को और अधिक व्यवस्थित करने की प्रक्रिया तेज होने की संभावना है।