लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की 10वीं व 12वीं की परीक्षा का आज पहला दिन है। सुबह की पाली में अलग-अलग जिलों में हाईस्कूल की हिंदी के प्रश्न पत्र की परीक्षा सम्पन्न हुई। परीक्षा देकर बाहर निकले विद्यार्थियों ने खुशी जताई और कहा कि प्रश्न पत्र बेहद आसान रहा। जो पढ़ा वही पूछा गया। दूसरी पाली में 12वीं की परीक्षा होगी।
इसके पहले सुबह परीक्षा केंद्र पहुंचने पर लखनऊ के काली चरण इंटर कॉलेज में परीक्षार्थियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इसके बाद चेंकिंग कर उन्हें इंट्री दी गई। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड लेकर जाना अनिवार्य है। किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या स्मार्ट वॉच पर लाने पर प्रतिबंध है। इस मौके पर माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जियामऊ परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों से मुलाकात की और अभ्यर्थियों का स्वागत करने के साथ ही तनावमुक्त होकर परीक्षा देने की अपील की।
यूपी में कुल 8033 परीक्षा केन्द्र बनाए गए
इस वर्ष कुल 53,37,778 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें हाईस्कूल के 27,61,696 और इंटरमीडिएट के 25,76,082 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। परीक्षाओं को पूर्णतः नकलविहीन, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रदेश में कुल 8033 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें 596 राजकीय, 3453 अशासकीय सहायता प्राप्त और 3984 स्ववित्त पोषित विद्यालय शामिल हैं।
18 जनपद संवेदनशील, राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से हो रही निगरानी
माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने परीक्षा से पूर्व मंगलवार को शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), लखनऊ शिविर कार्यालय में स्थापित राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप इस वर्ष परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह तकनीक आधारित और पारदर्शी बनाया गया है। 18 जनपदों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जबकि 222 परीक्षा केन्द्रों को अति संवेदनशील और 683 को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इन केन्द्रों पर एसटीएफ और स्थानीय अभिसूचना इकाई को पूरी परीक्षा अवधि में सक्रिय रखा जाएगा तथा अति संवेदनशील केन्द्रों का दिन में दो बार निरीक्षण सुनिश्चित किया गया है।
यूपी बोर्ड परीक्षा की पहली पाली समाप्त

