बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । “पुलिस स्मृति दिवस” के अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार द्वारा कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए वीरगति प्राप्त होने वाले पुलिसकर्मियों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गयी।
“इतनी सी बात हवाओं को बताए रखना, रोशनी होगी चिरागों को जलाए रखना, लहू देकर की है जिसकी हिफाजत हमने, ऐसे तिरंगे को हमेशा अपने दिल में बसाए रखना।”
आज दिनांक 21.10.2026 को “पुलिस स्मृति दिवस” के अवसर पर कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अपने प्राणों की आहूति देने वाले पुलिसकर्मियों की स्मृति में रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सहित सभी राजपत्रित अधिकारियों व अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा शहीद हुए पुलिसकर्मियों को याद कर उन्हें पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई । इस अवसर पर मुख्यमंत्री व पुलिस महानिदेशक के संदेश से सभी पुलिसकर्मियों को अवगत कराते हुए विगत एक वर्ष में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए शहीद हुए पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को याद करते हुए उनकी शौर्य गाथा बताई गई। गौरतलब है कि कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु देश भर के पुलिस बल द्वारा प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को “पुलिस स्मृति दिवस” मनाया जाता है ।
21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट-स्प्रिंग के पास केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की एक टुकड़ी भारत-तिब्बत सीमा पर नियमित गस्त के लिए निकली थी। उसी दौरान पहले से ही घात लगाकर बैठे चीनी सैनिकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी । सीआरपीएफ के जवानों ने भी उस हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया लेकिन उस अचानक हुए हमले में सीआरपीएफ के 10 जवान शहीद हो गए तथा सात अन्य जवान घायल हो गए, उसी दिन से उन 10 वीर सीआरपीएफ जवानों की शहादत को याद करते हुए प्रत्येक वर्ष संपूर्ण भारतवर्ष में 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है । प्रत्येक वर्ष ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवाने वाले और लद्दाख में शहीद हुए वीर पुलिसकर्मियों के बलिदान के सम्मान में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को “पुलिस स्मृति दिवस” मनाया जाता है ।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार व समस्त क्षेत्राधिकारी एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारी गण उपस्थित रहे ।
