फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। विकास के पथ पर अग्रसर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने बुधवार को नगर के लगभग आधा दर्जन स्थानों पर निर्मित कराए गए मार्गों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों से मिलकर वहां की समस्याओं की जानकारी की तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही। उन्होंने कहा कि उनके दरवाजे जनता के लिए हमेशा खुले हैं। हर समस्या का हर संभव समाधान कराया जाएगा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नगर पालिका अध्यक्ष सबसे पहले घेर श्यामू खां पहुंची,जहां असलम के घर के पास बनाई गई सड़क का लोकार्पण किया। इसके बाद श्याम नगर पहुंची जहां पर सेंट लॉरेंस वाली गली से रेल की पटरी की ओर जाने वाली बनाई गई सड़क का लोकार्पण शिलापट का पूजन करके अनावरण करके किया। इस दौरान उन्होंने अंडियाने की तरफ जाने वाली सड़क का निरीक्षण भी किया। यह सड़क अभी भी जल भराव से ग्रसित है। समाज सेवी अध्यापक एवं कवि नलिन श्रीवास्तव ने मोहल्ले में स्थाई सफाई कर्मी लगाई जाने की मांग की। इस पर अध्यक्ष ने कर्मचारी लगाए जाने के निर्देश संबंधित को दिए। सड़क के बारे में क्षेत्रीय नागरिकों ने शिकायत की तो पालिका अध्यक्ष ने कहा कि इसका टेंडर 23 फरवरी को हो जाएगा। इसके बाद काम शुरू होगा और प्रयास रहेगा कि 2 महीने में सड़क को तैयार कर दिया जाए ताकि समस्या का समाधान हो सके। उन्होंने मोहल्ले की अन्य गलियों का भी निरीक्षण किया। भवन के निर्माण का भी आश्वासन दिया। इसके बाद सातनपुर पहुंची जहां अनिल गुप्ता के संयोजन में उद्घाटन कार्य हुआ इसके बाद नरकसा में बनाये गये मार्ग का लोकार्पण किया। इस दौरान सभासद,नगर पालिका के अधिकारी आदि मौजूद रहे।
विकास के पथ पर पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल : पांच मार्गों का किया लोकार्पण

