फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। थाना जहानगंज क्षेत्र के ग्राम बेहटा में 13 फरवरी की सुबह हुई सुनील कुमार की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक के पुत्र अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पारिवारिक विवाद और जमीन को लेकर उत्पन्न अविश्वास इस हत्याकांड की मुख्य वजह सामने आई है। हालांकि गांव में इस घटना को लेकर अन्य तरह की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।
थाना जहानगंज के प्रभारी निरीक्षक राजेश राय ने बताया कि 13 फरवरी की सुबह सुनील कुमार खेत पर आलू खोदने गए थे। उसी दौरान उनके पुत्र अमन कुमार ने पीछे से डंडे से वार कर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने डंडा काली नदी किनारे जंगल में फेंक दिया और घर लौट आया, ताकि किसी को उस पर संदेह न हो। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता उससे और उसकी मां से अलग रहते थे और अपने भाई अनिल कुमार के साथ खेती करते थे। उसे आशंका थी कि पिता पैतृक जमीन का हिस्सा उसके चचेरे भाई शुभम के नाम कर देंगे। इसके अलावा, शादी के लिए आए लोगों से भी पिता द्वारा संबंध से इंकार किए जाने की बात से वह बेहद आहत था। इन्हीं कारणों से उसके मन में गहरा आक्रोश पनप गया और उसने हत्या की साजिश रच डाली। इधर गांव में कुछ लोगों द्वारा यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि मृतक के कथित अवैध संबंधों को लेकर परिवार में तनाव था। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक की जांच में इस तरह के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यदि कोई ठोस साक्ष्य सामने आता है तो उसे भी विवेचना में शामिल किया जाएगा।
पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच जारी है।
पुलिस का खुलासा : पुत्र ही निकला पिता का कातिल
