फर्जी फॉर्म 7 मिलने का सिलसिला जारी : सपा जिलाध्यक्ष ने लगाए आरोप

फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। निर्वाचन आयोग द्वारा चलाई जा रही एसआईआर प्रक्रिया में फर्जी फॉर्म 7 का मिलना जारी है। यह आरोप समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने लगाया है।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने बताया कि आज फिर सदर विधानसभा क्षेत्र के कांशीराम कॉलोनी बूथ संख्या 83 पर 80 फॉर्म आवेदनकर्ता वैभव अग्निहोत्री के नाम से, बूथ संख्या 85 पर 87 फॉर्म ऋषभ दुबे के नाम से, बूथ संख्या 86 पर 46 फॉर्म अरविंद श्रीवास्तव के नाम से तथा बूथ संख्या 87 पर 63 फॉर्म विनीत वाजपेई के नाम से बरामद किए गए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष श्री यादव ने कहा कि ये सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को खत्म करके तानाशाही स्थापित करना चाहती है। फर्जी फॉर्म देने वालों के खिलाफ सरकार का कार्यवाही न करना ये दर्शाता है कि इस घिनौने कृत्य में सरकार खुद ही सम्मलित है। जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने कहा कि आवेदनकर्ता अरविंद श्रीवास्तव एवं विनीत वाजपेई के घर जाकर हम लोगों ने संपर्क किया है, वह लोग फॉर्म जमा करने से इनकार कर रहे हैं, उनका कहना है कि उनके फर्जी हस्ताक्षर करके गलत तरीके से फॉर्म जमा किए गए हैं हमें इस प्रकरण की कोई जानकारी नहीं है। जिला महासचिव ने कहा इस मामले में जिलाधिकारी फर्रुखाबाद से मिलकर अपनी बात रखेंगे और पूरे मामले से पार्टी नेतृत्व को भी अवगत कराया जाएगा। इस दौरान जिला सचिव शिव शंकर शर्मा, विनय भारद्वाज, शीलू खां आदि पदाधिकारी साथी मौजूद रहे।