फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में सैनिक सम्मेलन एवं अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में जनपद में हाल ही में घटित अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न थानों से प्राप्त अपराध आंकड़ों का विश्लेषण किया और लंबित मामलों की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विवेचनाएं समयबद्ध और गुणवत्ता पूर्ण ढंग से पूरी की जाएं, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके। विशेष रूप से महिला अपराध, साइबर अपराध, गौकशी, अवैध शराब, जुआ-सट्टा और संगठित अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाई जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। इसके साथ ही हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी और वारंटियों की गिरफ्तारी के अभियान में तेजी लाने को कहा गया। इस दौरान सैनिक सम्मेलन में उपस्थित पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं को भी गंभीरता से सुना गया। पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि पुलिसकर्मियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवास, चिकित्सा, अवकाश, वेतन एवं अन्य प्रशासनिक समस्याओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। एसपी ने पुलिस बल को अनुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना से कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि आमजन के व्यवहार से बनती है, इसलिए प्रत्येक पुलिसकर्मी अपने आचरण में संयम और संवेदनशीलता बनाए रखे। जनता की शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण ही पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। आगामी त्योहारों और विशेष आयोजनों को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक, सभी थानाध्यक्ष एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना तथा पुलिस बल की कार्यकुशलता को और बेहतर करना रहा।
पुलिस लाइन में सैनिक सम्मेलन एवं अपराध गोष्ठी का आयोजन,एसपी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

