बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिला बैंकर्स सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न रोजगारपरक, स्वरोजगार एवं वित्तीय समावेशन योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार एवं आंकड़ा आधारित समीक्षा की गई।
ऋण-जमा अनुपात की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी बैंक का सीडी रेशियो 40 प्रतिशत से कम नहीं होना चाहिए। पंजाब नेशनल बैंक का सीडी रेशियो निर्धारित मानक से कम पाए जाने पर उन्होंने तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा में पाया गया कि कोटक महिंद्रा बैंक द्वारा जनपद कन्नौज में लगभग ₹29,24.70 लाख की जमा राशि के सापेक्ष मात्र ₹51.83 लाख का ऋण वितरण किया गया है, जो अत्यंत कम है। जिलाधिकारी ने कहा कि इससे यह प्रतीत होता है कि जिले की जनता द्वारा जमा की गई धनराशि का समुचित लाभ स्थानीय स्तर पर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने निर्देशित किया कि कन्नौज की जनता की जमा पूंजी का अधिकतम उपयोग जनपद में ऋण वितरण के माध्यम से किया जाए तथा सीडी रेशियो में प्रत्येक दशा में सुधार लाया जाए।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025–26 में जनपद को 1700 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 1248 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं तथा 1215 लाभार्थियों को ऋण वितरण कर लाभान्वित किया गया है।
उन्होंने यूको बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा एवं यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा लक्ष्य के अनुरूप संतोषजनक प्रगति पर प्रशंसा व्यक्त की। वहीं इंडियन ओवरसीज बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, एचडीएफसी बैंक एवं आईडीबीआई बैंक द्वारा लक्ष्य के सापेक्ष अपेक्षित प्रगति न किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह राज्य सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी योजना है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि योजना की प्रतिदिन समीक्षा की जाए तथा जिन बैंकों द्वारा लक्ष्य पूर्ति में ढिलाई बरती जा रही है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग, खादी एवं ग्रामोद्योग, डूडा तथा अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बैठक से पूर्व योजनावार प्रगति, लंबित प्रकरणों की संख्या एवं आ रही समस्याओं का स्पष्ट विवरण प्रस्तुत करें, जिससे समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी, उपायुक्त स्वतः रोजगार राजकुमार लोधी, अग्रणी जिला प्रबंधक डॉ. रंजीत सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
