कन्नौज : रानी लक्ष्मीबाई बाल सम्मान कोष की बैठक सम्पन्न

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मी बाई महिला एवं बाल सम्मान कोष की जिलास्तरीय संचालन समिति की बैठक कलेक्ट्रेट गांधी सभागार जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में समिति के सदस्यों द्वारा प्राप्त प्रकरणों की गहन समीक्षा करते हुए कुल 38 प्रकरणों पर विस्तार से जांच एवं विचार-विमर्श किया गया, जिसमें 9 प्रकरणों पर स्वीकृति प्रदान की गई।

जिलाधिकारी ने योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कोष महिला एवं बालिकाओं के विरुद्ध हिंसा, उत्पीड़न एवं अन्य आपात परिस्थितियों से प्रभावित पीड़िताओं को त्वरित आर्थिक सहायता एवं संबल प्रदान करने हेतु संचालित है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से योजना का लाभ सुनिश्चित कराया जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं एवं बच्चों को शीघ्र राहत मिल सके।

बैठक में विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रकरणों की तथ्यात्मक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिन पर समिति द्वारा आवश्यक निर्णय लिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र महिला एवं बालिका तक योजना का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।

बैठक में  पुलिस अधीक्षक  विनोद कुमार, सहायक मजिस्ट्रेट आईएएस प्रशिक्षु अर्पित कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।