बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। आगामी होली पर्व पर जनपद में आमजन को शुद्ध, ताजे तथा गुणवत्तापरक खाद्य तथा पेय पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित कराये जाने एवं मिलावटी खाद्य व पेय पदार्थों के निर्माण, वितरण व बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने हेतु आज मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व एवं दिशा निर्देशन में, प्रवर्तन दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों अनिल कुमार राठौर एवं विमलेश कुमार द्वारा कन्नौज नगर पालिका क्षेत्र में रोडवेज बस स्टेशन के समीप, कन्नौज स्थित खाद्य कारोबार प्रतिष्ठान पटेल किराना स्टोर का खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा सघन निरीक्षण कर खाद्य पदार्थ रंगीन कचरी का नमूना वास्ते जांच संग्रहित किया गया उसके उपरांत कन्नौज तहसील क्षेत्र में मेहंदी घाट पर जनपद हरदोई की ओर से आ रहे मिलावटी पनीर की रोकथाम हेतु चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी क्रम में कन्नौज तहसील क्षेत्र में जसोदा में स्थित खाद्य कारोबार प्रतिष्ठान श्री बालाजी मिष्ठान भंडार से खोये का नमूना प्रमोद कुमार के प्रतिष्ठान से रंगीन बर्फी का नमूना वास्ते जांच संग्रहित किया गया। आज 50 किग्रा रंगीन कचरी सीज की गई एवं दूषित व खराब 75 किग्रा रंगीन कचरी खाद्य कारोबारकर्ता ने स्वयं की सहमति से खाद्य कारोबारकर्ता द्वारा विनिष्ट कराई गई,जिसका अनुमानित मूल्य लगभग रू० 6600/- मात्र है। इसी दौरान ई रिक्शा वाहन संख्या यूपी 74 एटी 6203 से बिक्री व वितरण हेतु लेकर जसोदा पुलिस चौकी के पास जाते हुए अंकित चौरसिया द्वारा उपयुक्त बिल वाउचर प्रस्तुत न किए जाने तथा विक्रेता व क्रेता के मौके पर उपस्थित न होने के कारण लगभग 16 बोरी कचरी व नमकीन तथा तीन गत्ते कानफेक्शनरी, जिसका अनुमानित बाजारी मूल्य लगभग रुपए 20000/- है, जसोदा पुलिस चौकी में तहरीर देकर नियमानुसार कठोर अग्रिम विधिक करवाई हेतु संरक्षित रखी गई। सभी खाद्य कारोबारकर्ता को साफ सफाई के साथ शुद्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री किए जाने के कड़े निर्देश दिए गए।
आज संग्रहित उपरोक्त सभी 03 नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत तद्नुसार अग्रिम कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव द्वारा इस अभियान के दौरान खाद्य कारोबार कर्ताओं सहित आम जन को रंगीन, मिलावटी तथा दूषित खाद्य पदार्थ एवं मिलावट के हानिकारक प्रभाव तथा उनके स्थानीय परीक्षण की विधियों की जानकारी देते हुए खाद्य पदार्थों के उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया।
जनपद में आमजन को गुणवत्तापरक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से मुख्यालय से प्राप्त आदेशों के अनुपालन में जिलाधिकारी महोदय के निर्देश के अनुसार अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा।

