बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में सर्राफा व्यापारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में सोने के आभूषणों की खरीद को लेकर फैल रही भ्रांतियों एवं अफवाहों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनपद में किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना एवं अफवाहों को फैलने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि सोने के आभूषणों की खरीद पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, जबकि शासन/सरकार की ओर से ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई है। सोने के आभूषणों की खरीद पर किसी प्रकार की रोक नहीं है।
उन्होंने सर्राफा व्यापारियों से अपील की कि वे सही एवं तथ्यात्मक जानकारी ग्राहकों तक पहुंचाएं, जिससे आमजन किसी भी भ्रम का शिकार न हों। जहां कहीं भी भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो, उसे आपसी संवाद एवं बैठक के माध्यम से तत्काल दूर किया जाए। प्रशासन एवं व्यापारी वर्ग मिलकर जनपद में सकारात्मक एवं विश्वासपूर्ण वातावरण बनाए रखें।
बैठक में उपस्थित सर्राफा व्यापारियों ने जिला प्रशासन को आश्वस्त किया कि जनपद कन्नौज का सर्राफा व्यापारी वर्ग देशहित में प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की अपील के साथ खड़ा है। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री द्वारा केवल बुलियन एवं गोल्ड बार की खरीद को कुछ समय के लिए टालने की अपील की गई थी, न कि सोने के आभूषणों की खरीद पर किसी प्रकार की रोक लगाई गई है।
बैठक में अधिवक्ता संघ से निशंक जैन एवं पोषक पाठक, सर्राफा एसोसिएशन से श्री चंद्र प्रकाश वर्मा, अजीत कुमार वर्मा, नरेश वर्मा, श्री आलोक वर्मा, अन्नी वर्मा एवं श्री रमेश चंद्र वर्मा, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल से अनिल गुप्ता एवं रामानंद वर्मा, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल से राज शर्मा, तथा व्यापारी सर्राफा एसोसिएशन से राजीव दुबे सहित अन्य व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
