बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। सर्विलांस, एसओजी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 56.590 किलोग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। ये तस्कर ओडिशा से गांजा लाकर कन्नौज में बेचते थे।
सदर कोतवाली पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से इन तस्करों को पकड़ा। ये तीनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांजा बेचने जा रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सौरिख थाना क्षेत्र के किशनपुर निवासी मनजीत सिंह पुत्र नरपत, कानपुर नगर के सचेड़ी थाना क्षेत्र के मोहनपुर निवासी उमेश सिंह पुत्र विनोद सिंह और कन्नौज के गंधरापुर निवासी सतीश दुबे पुत्र विश्वनाथ दुबे के रूप में हुई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ये तस्कर मोटरसाइकिल पर गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पाल चौराहे के पास घेराबंदी कर उन्हें रोका। तलाशी के दौरान उनके पास से 56.590 किलोग्राम अवैध गांजा और एक मोटरसाइकिल मिली। तीनों आरोपियों के खिलाफ सदर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि पूछताछ में मनजीत सिंह और उमेश सिंह ने बताया कि वे ओडिशा से सस्ते दामों पर गांजा खरीदते थे। इसके बाद वे इसे महंगे दाम पर सतीश दुबे को बेच देते थे।
सतीश दुबे फिर इसे आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाता था। इस अवैध कमाई से वे अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

