कन्नौज: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जिले की प्रतिभाशाली महिलाओं का सम्मान

स्कूटी रैली निकाल कर दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  ’यूपी का अभिमान–मातृशक्ति उदीयमान, यूपी की नारी–शान है हमारी’ थीम के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष जिला पंचायत प्रिया शाक्य, विधायक तिर्वा कैलाश सिंह राजपूत, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया तथा मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया।

इस अवसर पर लखनऊ से मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण भी उपस्थित जनसमूह द्वारा देखा एवं सुना गया।

कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह रोकने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना देकर अपना विवाह रुकवाने वाली बालिकाओं चांदनी, वर्षा, नीतू, प्रियांशी एवं लक्ष्मी को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त ज्योति सिंह हाई स्कूल की छात्राओं अंशिका तिवारी, अपर्णा एवं नम्रता कटियार को इंटरमीडिएट परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।

साथ ही जनपद में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया, जिनमें सीडीपीओ अर्चना वर्मा, रमाकांती, मुख्य सेविका सुनाक्षी, शिवानी, वीति तिवारी, गरिमा दिवाकर, नेहा गुप्ता, चिकित्सा विभाग से चिकित्साधिकारी डॉ. रिंकी देवी, एएनएम कीर्ति देवी, पंचायती राज विभाग से सचिव प्रियंका गौतम, पंचायत सहायक प्रिया प्रजापति, कंसल्टिंग इंजीनियर पूजा, सफाई कर्मी संगीता देवी, फूलन देवी, ग्राम विकास विभाग से अध्यक्ष ग्राम संगठन कल्पना, सीएलएफ मैनेजर अंजलि कटियार, बीसी सखी बिनो देवी, प्रेमलता तथा शिक्षा विभाग से प्रधानाचार्य सरिता गौतम, रजा पांडे एवं सहायक अध्यापिका आकांक्षा सिंह शामिल रहीं।

इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत प्रिया शाक्य ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं तथा निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति भी है। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, विज्ञान, खेल और हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। यह दिवस महिलाओं के सम्मान, अधिकारों और समान अवसरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश देता है।

विधायक तिर्वा कैलाश सिंह राजपूत ने महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति सृष्टि का आधार है तथा महिलाओं के त्याग और समर्पण से ही समाज और राष्ट्र सशक्त बनता है।

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाल विवाह रोकने के लिए 1098 पर सूचना देकर अपना विवाह रुकवाने वाली बालिकाओं का साहस समाज के लिए प्रेरणादायक एवं जागरूकता का संदेश है। उन्होंने कहा कि जनपद में अनेक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कार्य करते हुए आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। सरकार द्वारा महिलाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास एवं स्वावलंबन से जुड़ी अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से सकारात्मक सोच के साथ जीवन के संघर्षों का सामना करते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के उपरांत कलेक्ट्रेट परिसर से स्कूटी रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसका उद्देश्य महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच एवं विभिन्न क्षेत्रों में उनकी सहभागिता को बढ़ावा देने के प्रति जागरूकता फैलाना था। यह रैली मकरंद नगर सहित शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः कलेक्ट्रेट परिसर में संपन्न हुई।

इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार वर्मा, जिला पर्यटन अधिकारी डॉ. एम. मकबूल सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।