‘‘संभल के सीओ कुलदीप कुमार पर भड़के ओवैसी, बोले : ’क्या देश तुम्हारे बाप का है?’’
लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में जुमे की नमाज से पहले संभल के सीओ कुलदीप कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसमें वह ईरान-इजरायल विवाद को लेकर प्रदर्शन करने वालों को सख्त लहजे में चेतावनी दे रहे हैं। इस बयान पर असदुद्दीन ओवैसी ने बेहद तीखा पलटवार किया है।
सीओ की सख्त चेतावनी- ’सीधे ईरान चले जाओ’
पीस कमेटी की बैठक में सीओ कुलदीप कुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि जुमे की नमाज के दौरान कोई भी सड़क पर अराजकता नहीं फैलाएगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को ईरान के नाम पर छाती पीटनी है या प्रोटेस्ट करना है, वो जहाज पकड़ें और सीधे ईरान चले जाएं। यहां सड़कों पर काली पट्टी बांधना या नारेबाजी करना बर्दाश्त नहीं होगा। सीओ ने चेतावनी दी कि कानून हाथ में लेने वालों का पुलिस बढ़िया इलाज करेगी और किसी को भी मस्जिद के बाहर सड़क पर नमाज पढ़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
ओवैसी का पलटवार- ’देश किसी के बाप का नहीं’
सीओ का वीडियो वायरल होते ही असदुद्दीन ओवैसी मैदान में उतर आए। एक जनसभा में उन्होंने गरजते हुए कहा कि मैंने संभल के सीओ का वीडियो देखा है, वह मुसलमानों को थाने बुलाकर धमका रहे हैं। क्या यह मुल्क उनके बाप का है? देश संविधान से चलेगा या किसी की जुबान से? ओवैसी ने यहां तक कह दिया कि संभल के सीओ इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर इजरायल के समर्थन में रैली निकलेगी, तो क्या पुलिस तब भी ऐसा ही रवैया अपनाएगी?
संभल में हाई अलर्ट
फिलहाल सीओ के बयान और ओवैसी की प्रतिक्रिया के बाद संभल में सियासी माहौल काफी गरम है। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि जुमे की नमाज के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे।
संभल के सीओ कुलदीप कुमार की दो टूक : ’ईरान की फिक्र है तो वहीं जाओ’