कन्नौज : दूसरे दिन भी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा का डीएम एसपी ने लिया जायजा

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा के सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने आज जनपद के 8 परीक्षा केंद्रों का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

 जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों की निगरानी की। उन्होंने मुस्लिम मोहम्मदिया इंटर कॉलेज, सुशीला देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज, जमुना प्रसाद गर्ल्स इंटर कॉलेज, सेठ बासुदेव सहाय इंटर कॉलेज, गोमती देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज मकरंद नगर, पीएसएम पीजी कॉलेज मकरंद नगर, केकेसीएन इंटर कॉलेज तथा के.के. इंटर कॉलेज कन्नौज में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड का अवलोकन किया। इसके उपरांत उन्होंने संबंधित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय सत्यापन भी किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि पर सतत एवं प्रभावी निगरानी रखी जाए तथा सभी अधिकारी एवं कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ करें।     

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में सीसीटीवी कैमरे बंद नहीं होने चाहिए तथा उनकी लाइव फीड निरंतर संचालित रहनी चाहिए। विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में तत्काल जनरेटर संचालित कर व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जाए। साथ ही स्ट्रांग रूम से सभी परीक्षा कक्षों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि न होने पाए।

जिलाधिकारी ने परीक्षार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया तथा आधार सत्यापन एवं केवाईसी जांच कर रहे कार्मिकों से पूरी प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी परीक्षार्थी के पास मोबाइल फोन अथवा किसी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं होना चाहिए तथा सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि यह परीक्षा अत्यंत संवेदनशील है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या हीलाहवाली बिल्कुल स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि वे पूरी मुस्तैदी, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।