बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग की संभावना के दृष्टिगत आपूर्ति विभाग की दो टीमो ने गुगरापुर/तिलपई चौराहा/ जन सेवा केंद्र राजपुर एवं चांदापुर/ मानीमऊ/ अंधा मोड़ कन्नौज तथा तिर्वा बाजार के 5 रेस्टोरेंट/तिर्वा-कन्नौज रोड/ में अश्वनी गैस तिर्वा के अतिरिक्त समधन एवं गुरसहायगंज स्थित गैस एजेंसी/ सराय प्रयाग के 2 तथा मलिकपुर के 3 होटल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान होटलों, ढाबों और अन्य व्यावसायिक केंद्रों पर पेट्रोलियम पदार्थों के उपयोग की जांच की गई। जांच में किसी भी स्थल पर कोई दुरूपयोग नहीं पाया गया। छोटे वेंडर्स को भी इस संबंध में निर्देशित किया गया कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग अपनी व्यावसायिक गतिविधियों में न करें। अवगत कराया गया कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक कार्यों के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित है तथा इसका उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा और सिलेंडर जब्त किए जाएंगे। इसके साथ ही सभी प्रतिष्ठानों को अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई है। समस्त जनपद वासियों को पुनः स्पष्ट किया जाता है कि घरेलू ईंधन का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और यह जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा।

