कन्नौज : जिला स्तरीय जूनियर कबड्डी एवं वॉलीबाल में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।   जिला खेल कार्यालय, सौरिख के तत्वावधान में आज सिटी चिल्ड्रंस एकेडमी, छिबरामऊ में जिला स्तरीय जूनियर बालक/बालिका कबड्डी एवं वॉलीबाल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं खेल अकादमियों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रदीप प्रधान, मैनेजिंग डायरेक्टर, सिटी चिल्ड्रंस एकेडमी तथा नीरा प्रसाद, प्रधानाचार्या द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

दिनभर चली इन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ अपने-अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर उपस्थित दर्शकों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि मनोज दुबे, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद छिबरामऊ द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ और सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है तथा ऐसे आयोजनों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।

इस अवसर पर विश्वास प्रधान, सीईओ सिटी चिल्ड्रंस एकेडमी,  सुधा प्रधान, एडमिनिस्ट्रेटर सिटी चिल्ड्रंस एकेडमी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, खेल अधिकारी तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका मनोज कुमार कुशवाहा (हॉकी प्रशिक्षक, कन्नौज), हर्षित यादव, अमित राजपूत, शिवम ठाकुर, रीना जसरोटिया, सृजित, प्रेमानंद, निमित कुमार, राम यादव एवं शिवेंद्र पांडेय द्वारा निभाई गई। प्रतियोगिता का सफल संचालन मनोज कुमार कुशवाहा, हॉकी प्रशिक्षक कन्नौज द्वारा किया गया।

प्रतियोगिताओं के परिणाम 

वॉलीबाल बालक वर्ग में छिबरामऊ स्पोर्ट्स एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-1 सेट के अंतर से सिटी चिल्ड्रंस एकेडमी को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया।

वॉलीबाल बालिका वर्ग में कन्नौज पब्लिक स्कूल ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए 2-0 सेट के अंतर से सिटी चिल्ड्रंस एकेडमी को पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।

कबड्डी बालक वर्ग में छिबरामऊ स्पोर्ट्स एकेडमी ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 54-17 के बड़े अंतर से सिटी चिल्ड्रंस एकेडमी को पराजित किया।

वहीं कबड्डी बालिका वर्ग में डी.के. स्पोर्ट्स एकेडमी ने रोमांचक मुकाबले में छिबरामऊ स्पोर्ट्स एकेडमी को 18-14 के अंतर से पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।

कार्यक्रम के अंत में जिला क्रीड़ा अधिकारी नूर हसन द्वारा प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, निर्णायकों, विद्यालय प्रबंधन, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के आयोजन से जनपद में खेलों को बढ़ावा मिलता है तथा युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर प्राप्त होता है।