बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। आज जनपद के समस्त 33 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों तथा 03 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले के माध्यम से आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता के निर्देशानुसार आरोग्य स्वास्थ्य मेला के नोडल अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार (उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी) तथा समस्त अपर/उप मुख्य चिकित्साधिकारियों द्वारा विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गुगरापुर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कीरतपुर का भी निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मेले में आने वाले मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं उपचार की सुविधा प्रदान की गई। इसके साथ ही बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण, परिवार कल्याण सेवाएं, हेपेटाइटिस ‘बी’ एवं ‘सी’ की जांच, टीबी संभावित रोगियों की स्क्रीनिंग, नेत्र रोगियों का परीक्षण तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनाए जाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले के दौरान आज कुल 1778 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया, जिनमें 826 पुरुष, 709 महिलाएं एवं 243 बच्चे शामिल हैं। इसके अतिरिक्त आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 94 गोल्डन कार्ड बनाकर लाभार्थियों को वितरित किए गए। प्रत्येक स्वास्थ्य केन्द्र पर चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित की गई, जिससे मरीजों को सुगमता से सेवाएं प्राप्त हो सकीं।
जनपद में आयोजित इस स्वास्थ्य मेले के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी पहल की गई है।
