बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जनगणना 2027 की तैयारियों के क्रम में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जनपद स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। बीती 11 एवं 12 मार्च 2026 को जनपद के समस्त चार्ज अधिकारियों एवं उपजिलाधिकारियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसकी अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) देवेन्द्र सिंह द्वारा की गई थी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय से जनपद कन्नौज की जिला प्रभारी अंशु साहू द्वारा अधिकारियों को जनगणना से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई थी। उन्होंने जनगणना की प्रक्रिया, उसकी कार्यप्रणाली तथा प्रशासनिक तैयारियों के संबंध में विस्तार से अवगत कराते हुए जनगणना के प्रथम चरण हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन के सफल क्रियान्वयन हेतु दिशा-निर्देश भी दिए थे।
प्रशिक्षण के दौरान यह भी बताया गया था कि जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक संपन्न कराया जाएगा, जबकि स्व-गणना की प्रक्रिया 07 मई से 21 मई तक संचालित की जाएगी, जिसके माध्यम से नागरिक स्वयं भी निर्धारित पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
इसी क्रम में जनपद में फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है। प्रथम बैच का प्रशिक्षण 16 मार्च से 18 मार्च तक आयोजित किया गया, जिसमें आज प्रथम दिवस पर आज कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में संबंधित फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना कार्य से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें फील्ड स्तर पर कार्य के सुचारु संचालन, आंकड़ों की शुद्धता तथा निर्धारित प्रारूपों के सही उपयोग के संबंध में भी प्रशिक्षित किया गया।
जनपद में कुल 56 फील्ड ट्रेनर्स नियुक्त किए गए हैं, जो आगामी चरण में लगभग 4243 पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। इसके अतिरिक्त द्वितीय बैच का प्रशिक्षण 19, 20 एवं 23 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा।

