बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिले के सकरावा थाना क्षेत्र के नगला विशुना गांव में एक किसान का शव खेत किनारे पेड़ पर लटका मिला। परिजनों ने उन्हें इटावा जिले के सैफई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिवार का आरोप है कि किसान ने आलू की फसल में हुए नुकसान के कारण आत्महत्या की है।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय वेद प्रकाश के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वेद प्रकाश ने अपने 11 बीघा खेत में आलू की खेती की थी। इस बार आलू के दाम काफी गिर गए, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ। इसी परेशानी के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
परिजनों ने यह भी बताया कि वेद प्रकाश की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। इटावा पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और फिर परिजनों के सुपुर्द किया। वेद प्रकाश के परिवार में उनकी पत्नी मंजू देवी और दो बेटे आशिक (13) व अमन (6) हैं। उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है। परिवार में मातम पसरा हुआ है।
गुरुवार देर शाम परिजन वेद प्रकाश का शव लेकर गांव पहुंचे। इस मामले पर सकरावा थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही हलका इंचार्ज को गांव भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, थाना प्रभारी ने फिलहाल किसी सुसाइड नोट की जानकारी होने से इनकार किया है।

