बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में जिला उपभोक्ता संरक्षण परिषद की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उपभोक्ताओं से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा उनके त्वरित समाधान पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर परिषद के सदस्यों ने जिला अस्पताल में चिकित्सीय परामर्श हेतु आने वाले वृद्ध व्यक्तियों को ऑनलाइन पर्ची बनवाने में हो रही असुविधाओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने सुझाव दिया कि वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑफलाइन पर्ची की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके अतिरिक्त सदस्यों ने बिजली के स्मार्ट मीटर से संबंधित समस्याओं तथा परिवार रजिस्टर की नकल प्राप्त करने में आ रही कठिनाइयों को भी प्रमुखता से रखा। उन्होंने इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े इन सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

