कन्नौज : विधानसभा की सार्वजनिक उपक्रम और निगम समिति ने की विकास परियोजनाओं की समीक्षा

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। विधानसभा संयुक्त समिति के सभापति और फर्रुखाबाद सदर के विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के सभापतित्व में एवं विधानसभा संयुक्त समिति के सदस्य सभाकुंवर, विधानसभा संयुक्त समिति के सदस्य विनय प्रकाश गोंड, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, विधानसभा संयुक्त समिति के अनु सचिव अर्जुन सिंह, विधानसभा संयुक्त समिति के निजी सचिव अनिल कुमार एवं सहायक समीक्षा अधिकारी विनय कुमार, मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) देवेन्द्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में उत्तर प्रदेश विधानसभा की सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति (2025-26) की प्रथम उप समिति की बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में मा0 सभापति मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने 220/132/33 केवी उपकेंद्र तिर्वा एवं संबंधित ट्रांसमिशन लाइनों के निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था—मेसर्स तिर्वा ट्रांसमिशन लि0, नई दिल्ली/उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड को निर्देशित किया कि 163.60 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्त्वपूर्ण परियोजना को निर्धारित समय सीमा 6 जून 2026 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। वर्तमान भौतिक प्रगति 56 प्रतिशत पाए जाने पर कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

इसी प्रकार विद्युत विभाग कन्नौज द्वारा संचालित बिजनेस प्लान वर्ष 2025-26 के अंतर्गत विद्युत तंत्र सुदृढ़ीकरण के कार्यों (65 प्रतिशत प्रगति) एवं आरडीएसएस योजना के अंतर्गत अविद्युतीकृत घरों के विद्युतीकरण (97 प्रतिशत प्रगति) की समीक्षा करते हुए सभापति ने निर्देश दिए कि नवीन बिजनेस प्लान प्रारंभ होने से पूर्व समस्त कार्य पूर्ण कर लिए जाएं।

अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत नगर पंचायत समधन पुनर्गठन पेयजल योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ आमजन को समय से उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नगर पालिका परिषद छिबरामऊ की सीवरेज योजना में तेजी लाकर उसे निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

 सभापति द्वारा जनपद की अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं विधानसभा छिबरामऊ में बजरंगबली मंदिर का पर्यटन विकास कार्य, मकरंद नगर स्थित मां फूलवती देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण, मिधौली में नवीन जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय का निर्माण, तथा टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के सहयोग से आईटीआई तिर्वा के आधुनिकीकरण जैसे अन्य कार्यों को भी समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि पाइप पेयजल योजना सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होना चाहिए। कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने अधिकारियों को और अधिक प्रतिबद्धता एवं तत्परता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

समिति के सदस्यों ने भी कहा कि सभी कार्य ईमानदारी, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किए जाएं। कन्नौज की पहचान इत्र नगरी के रूप में देश में स्थापित हो रही है और निकट भविष्य में यह वैश्विक स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान और सुदृढ़ करेगा। समिति द्वारा जनपद में संचालित विकास कार्यों की सराहना करते हुए अपेक्षा व्यक्त की गई कि सभी परियोजनाएं गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कर कन्नौज को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जाएगा।

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने इत्र उद्योग की ब्रांडिंग, एफएफडीसी, इत्र पार्क, मेहंदी घाट विकास, ओडीओपी, स्वयं सहायता समूहों को एमएसएमई से जोड़ने तथा इत्रोत्सव जैसे आयोजनों के माध्यम से जनपद के समग्र विकास के प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि समिति द्वारा दिए गए सुझावों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

बैठक के उपरांत संयुक्त समिति द्वारा जनपद में निर्माणाधीन साइबर क्राइम थाने का निरीक्षण किया गया, जहां साइबर लैब, वित्तीय धोखाधड़ी नियंत्रण, सर्विलांस, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग एवं पुलिस कार्मिकों के प्रशिक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।