कन्नौज : डीएम और एसपी भी ईदगाह पहुंचकर बोले ईद मुबारक

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जनपद कन्नौज में ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार द्वारा हाजीगंज ईदगाह एवं गुरसहायगंज ईदगाह पहुंचकर नमाजियों एवं आमजन को हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं तथा सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ईदगाहों एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

 जिलाधिकारी ने नमाजियों, धर्मगुरुओं, आमजन एवं राहगीरों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कन्नौज की गंगा-जमुनी तहजीब इसकी सबसे बड़ी पहचान है, जिसे बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुश्री वैशाली सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।