कन्नौज: 128 जोड़ो को मुख्यमंत्री विवाह योजना ने परिणय सूत्र में बांधा

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)।  समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आज पी०एस०एम० डिग्री कॉलेज, कन्नौज में भव्य एवं गरिमामयी सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 128 जोड़ों का वैवाहिक बंधन संपन्न कराया गया, जिनमें 124 हिंदू एवं 04 मुस्लिम जोड़े सम्मिलित रहे। पूरे समारोह में सामाजिक समरसता, पारस्परिक सद्भाव एवं उत्साह का वातावरण व्याप्त रहा।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया एवं मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की एक अत्यंत सराहनीय एवं जनकल्याणकारी पहल है, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानपूर्वक अपनी बेटियों के विवाह का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि यह योजना समाज में समानता, सहयोग एवं सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का कार्य कर रही है।

मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने नवविवाहित दंपत्तियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखमय एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की।

जिला समाज कल्याण अधिकारी वेद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत प्रति जोड़ा कुल 1,00,000 रुपये व्यय किए जाते हैं, जिसमें 60,000 रुपये कन्या के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं तथा 25,000 रुपये की उपहार सामग्री (जैसे वस्त्र, चांदी की पायल-बिछिया, स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कढ़ाई, ट्रॉली बैग, वैनिटी किट, दीवार घड़ी, सीलिंग फैन, कूल केज, आयरन प्रेस, गद्दे आदि) प्रदान की जाती है। शेष 15,000 रुपये प्रति जोड़ा विवाह की व्यवस्थाओं पर व्यय किए जाते हैं।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी जलालाबाद एवं गुगरापुर सहित अन्य अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।