कन्नौज: शहीद दिवस पर मानव सेवा समिति के रक्तदान शिविर में 9 रक्तवीरों ने किया महादान 

 संयुक्त जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में संपन्न हुआ स्वयंसेवी संस्था मानव सेवा समिति का 11 वाँ रक्तदान शिविर

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  शहीद दिवस के अवसर पर सोमवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में स्वयंसेवी संस्था मानव सेवा समिति का 11 वाँ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर संपन्न हुआ। जिसमें 9 रक्तवीरों ने रक्तदान किया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में देश की सीमा पर प्राण न्योछावर करने वाले शहीद चंद्रभान सिंह व्यास के समाजसेवी पुत्र गिरीशभान सिंह व्यास ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री व्यास ने स्वयं भी रक्तदान किया और कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं है। 

 पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले की प्रमुख समाजसेवी संस्था मानव सेवा समिति के तत्वाधान में संयुक्त जिला चिकित्सालय के बल्ड बैंक में सोमवार को आयोजित हुए स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में संस्था के वरिष्ठ सदस्य अरुण कुमार गुप्ता, मोहम्मद शान उर्फ सानू , पंकज कुमार, सुनील राठौर, आयुष, दुर्गेश, सोनू, एवं मिंटू सक्सेना के साथ ही मुख्य अतिथि गिरीशभान सिंह व्यास ने रक्तदान किया। संयुक्त जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ शक्ति वसु ने बताया कि स्वयंसेवी संस्था मानव सेवा समिति  कन्नौज द्वारा प्रतिवर्ष 23 मार्च को शहीद दिवस के उपलक्ष्य में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में लगाया जाता है। जिसमें संस्था से जुड़े सदस्य बढ़ चढ़कर हिस्सा लेकर रक्तदान करते हुए समाज के अन्य लोगों को रक्तदान करने हेतु प्रेरित करते हैं। उन्होंने बताया कि रक्तदान करने से न सिर्फ दूसरे व्यक्ति की जान बचाने का पुण्य मिलता है, बल्कि रक्तदाता का स्वास्थ्य भी अच्छा रहता है । 

इस अवसर पर संयुक्त जिला चिकित्सालय की ब्लड बैंक प्रभारी डॉ अंजना यादव, ब्लड बैंक की रक्त संचरण समिति के सदस्य विजय शंकर बाजपेई एडवोकेट, चीफ फार्मासिस्ट डॉ जितेंद्र कटियार, लैब टेक्नीशियन सुनील पाठक, काउंसलर मिथिलेश के अलावा मानव सेवा समिति के संस्थापक एवं रक्त संचरण समिति के सदस्य दिनेश दुबे, मानव सेवा समिति के अध्यक्ष ललित मेहरोत्रा मुख्य रूप से मौजूद रहे।