कन्नौज : टीबी मुक्त घोषित 51 ग्राम पंचायतों के प्रधान सम्मानित, 250 पोषण पोटली भी बांटी

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर जनपद में टीबी उन्मूलन के प्रति जागरूकता एवं जनसहभागिता को बढ़ावा देने हेतु विकास भवन स्थित हर्षवर्धन सभागार में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 51 ग्राम प्रधानों को महात्मा गांधी की कांस्य प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि एक ग्राम प्रधान को विशेष उपलब्धि हेतु महात्मा गांधी जी की रजत प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र से अलंकृत किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक छिबरामऊ अर्चना पाण्डेय एवं विधायक तिर्वा  कैलाश राजपूत उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ स्वदेश गुप्ता, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ के0पी0 त्रिपाठी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में ग्राम प्रधानों की सराहना करते हुए कहा कि जनपद को टीबी मुक्त बनाने में ग्राम पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों से अपनी-अपनी पंचायतों में जागरूकता बढ़ाने, समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित कराने तथा इस जनअभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान जनपद रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा टीबी रोगियों के पोषण सहयोग हेतु 250 पोषण पोटलियों का वितरण भी किया गया, जिससे रोगियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहायता मिलेगी।

इसके अतिरिक्त निजी चिकित्सालय संघ के अध्यक्ष डॉ० सरित द्विवेदी एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं/व्यक्तियों को भी टीबी उन्मूलन में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में जिला क्षय रोग अधिकारी द्वारा सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए जनपद को टीबी मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों को और सुदृढ़ करने का संकल्प दोहराया गया।