गैस आपूर्ति व्यवस्था पर डीएम की सख्ती : वितरकों को दिए सख्त निर्देश

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कलेक्ट्रेट में सभी गैस वितरकों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में जिलाधिकारी ने गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए कई अहम निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी गैस एजेंसी संचालक प्रतिदिन अपने शोरूम पर उपस्थित रहें और उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करें। घरेलू गैस बुकिंग के नए नियमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि 14.2 किलोग्राम सिलेंडर की सामान्य बुकिंग 25 दिन में, 5 किलोग्राम की 9 दिन में और 10 किलोग्राम की 18 दिन में होगी। वहीं उज्ज्वलायोजना के तहत 14.2 किलोग्राम सिलेंडर की बुकिंग 45 दिन तथा 5 किलोग्राम की 16 दिन में संभव होगी। डीएम ने निर्देश दिए कि बिना केवाईसी और बिना बुकिंग किसी भी उपभोक्ता को गैस रिफिल न दिया जाए। साथ ही यह भी बताया गया कि उपभोक्ता अब घर बैठे मोबाइल के माध्यम से केवाईसी और गैस बुकिंग कर सकते हैं। इसके लिए ईडियन आयल वन, और हेलो बीपीसीएल जैसे ऐप्स का उपयोग किया जा सकता है। सभी एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि इस संबंध में जागरूकता बढ़ाने के लिए बैनर और पंपलेट लगाए जाएं।