बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी ने कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक के दौरान कहा है कि जनपद के 77 आंगनवाड़ी केंद्रों पर रेन वॉटर हार्वेस्टिंग एवं 48 आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण वाटिका तथा 78 केंद्रों पर बाल वाटिका और 33 केंद्रों पर केंट वाटर व 78 आंगनवाड़ी केंद्रों पर एलईडी लाइट की स्थापना का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से आंगनवाड़ी केंद्र न केवल सुसज्जित एवं सुशोभित होंगे, बल्कि उनकी उपयोगिता और आकर्षण भी बढ़ेगा, जिससे लाभार्थियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रेरणा एप पर निरीक्षण की प्रगति को और तेज किया जाए तथा आरबीएसके टीम अपने भ्रमण कार्यक्रम को सुदृढ़ करते हुए नियमित रूप से कार्य संपादित करे। साथ ही, होम विजिट को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने मोबाइल नंबर सत्यापन में 450 लाभार्थियों के लंबित पाए जाने पर असंतोष व्यक्त किया। इसके अतिरिक्त, धात्री महिलाओं एवं शून्य से छह माह तक के बच्चों की पोर्टल फीडिंग में जलालाबाद ब्लॉक की प्रगति अत्यंत खराब पाए जाने पर नाराजगी जताई।
इसी क्रम में अन्नप्राशन, गोदभराई तथा वीएचएसएनडी सत्रों में उमर्दा एवं सौरिख ब्लॉकों की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 90 प्रतिशत से कम प्रगति वाले सभी ब्लॉक तत्काल अपनी कार्य गति में सुधार लाएं, अन्यथा संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी ने 1009 ऐसे बच्चों, जिनका वजन अब तक दर्ज नहीं हो पाया है, उनके शत-प्रतिशत वजन दर्ज करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में डीसी मनरेगा दिनेश यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश वर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।
