आलू किसान बचाओ यात्रा की तैयारियां जोरों पर : 7 अप्रैल को होगा लखनऊ प्रस्थान

‘‘राशन की दुकानों से प्रति कार्ड 25 किलो आलू वितरण की उठाई जाएगी मांग’’
फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।   आलू की अत्यधिक खराब स्थिति को देखेते हुये सातनपुर मंडी आढ़ती एसोसिएशन मे पूर्व अध्यक्ष सुधीर वर्मा रिंकू के प्रतिष्ठान पर आढ़ती एसोसियेशन के अध्यक्ष अर्पित राजपूत के अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी सात अप्रैल को मंडी परिषद से राजभवन लखनऊ तक आलू किसान बचाओ यात्रा निकाली जाएगी ।
बताया गया कि यह यात्रा कमालगंज, कन्नौज, बिल्हौर,कानपुर, उन्नाव होते हुये राजभवन लखनऊ पहुंचेगी तथा राज्यपाल को आठ अप्रैल को ज्ञापन देकर आलू किसानों की समस्याओ पर तत्काल हस्तक्षेप कर समाधान की मांग की जायेगी। किसान नेता अशोक कटियार ने कहा कि सरकार संसद मे किसानों की आमदनी आठ गुना बढ़ने की जानकारी दे रही है जबकि आलू किसानों की लागत भी निकलना मुश्किल है। किसान गहरे कर्ज में डूब गये है। अब तक आधा दर्जन से अधिक आलू किसान आत्महत्या तक कर चुके है। सरकार को कई बार समस्याओ से अवगत कराया गया लेकिन सरकार आलू किसानों की समस्याओ को लेकर गंभीर नही है। किसानों की हालत बदतर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि केवल उत्तर प्रदेश मे आलू पर मंडी टैक्स लगता है जिसे भी समाप्त होना चाहिए। सरकार गेंहू बाजरा तक राशन दुकानों से वितरित कर रही है। प्रति कार्ड 25 कि० आलू भी राशन दुकानों से वितरित होना चाहिये। मिड डे मील में भी आलू को शामिल किया जाए। इसके साथ ही गौशाला में भूसा 16 रुपया किलो का खरीद कर लाया जा रहा है। 2 रुपया किलो आलू भी खरीद कर खिलाया जाए। भंडारण शुल्क में छूट तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर आलू खरीद कर किसानों को राहत देना अति आवश्यक है । श्री कटियार ने कहा कि आलू किसानों की समस्या पर न तो सरकार ध्यान दे रही और न ही विपक्ष कुछ कह रहा है। आलू किसानों की समस्या पर संसद व विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की जरूरत है। इस अवसर पर सरदार पटेल युवा वाहिनी के अध्यक्ष अंशुल कटियार ने कहा कि वह किसानों के इस संघर्ष में हर तरह का सहयोग देंगे।
इस अवसर पर आलू किसान बचाव यात्रा के सफल संचालन हेतु जिम्मेदारिया दी गईं। इस अवसर पर आलू निर्यातक सुधीर शुक्ला पूर्व अध्यक्ष सुधीर कुमार वर्मा(रिंकू) प्रमोद गुप्ता मोनी, अन्नू गुप्ता,राजेश गुप्ता, लक्ष्मण गुप्ता,अंकित गुप्ता,मुन्ना राजपूत,राजू गुप्ता,चंद्रभान सिंह, हरीश चंद्र राजपूत,रतिराम शाक्य,हनी कटियार,प्रदीप राजपूत,अवनीश राजपूत,राजेश सिंह चौहान आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।