बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 के अंतर्गत आज 10 अप्रैल को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। जनपद में सर्विस मतदाताओं सहित कुल 10,70,066 मतदाता सम्मिलित हैं।
27 अक्टूबर 25 को एसआईआर प्रारम्भ होने के समय जनपद में 12,89,220 मतदाता थे, जो अंतिम प्रकाशन में घटकर 10,67,332 रह गए। इस प्रकार 2,21,888 मतदाता निर्वाचक नामावली से विलोपित हुए।
आलेख्य प्रकाशन 06 जनवरी 2026 को 10,11,125 मतदाता थे, जो अंतिम प्रकाशन में बढ़कर 10,67,332 हो गए। दावे-आपत्ति अवधि (06.01.2026 से 06.03.2026) में परिवर्धन–60,501, संशोधन–13,421 एवं विलोपन–4,294 की कार्यवाही के उपरांत शुद्ध रूप से 56,207 मतदाताओं की वृद्धि हुई।
दावे-आपत्ति अवधि में प्राप्त प्रारूप 6, 7 व 8 की सूचियाँ प्रारूप 9, 10, 11, 11क व 11ख पर जनपद के 07 मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को साप्ताहिक रूप से उपलब्ध कराई गईं।
एसआईआर अवधि में डिस्ट्रिक्ट कॉन्टेक्ट सेंटर पर 268, मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से 13 तथा एनजीएसपी पोर्टल पर 509 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका समयबद्ध निस्तारण किया गया।
जनपद स्तर पर 08 बैठकें तथा प्रत्येक विधानसभा स्तर पर 08-08 बैठकें आयोजित की गईं। सक्रिय 07 राजनैतिक दलों में से 05 दलों द्वारा 4,657 BLA नियुक्त किए गए, जिनसे 764 प्रारूप-6 एवं 86 प्रारूप-7 प्राप्त हुए।
विधानसभावार मतदाता विवरण
196-छिबरामऊ: 3,82,667
197-तिर्वा: 3,24,533
198-कन्नौज (अ.जा.): 3,62,866
अंतिम मतदाता सूची डीईओ पोर्टल (https://kannauj.nic.in/deo-portal/) पर अपलोड कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को अंतिम मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई।
समस्त मतदेय स्थलों पर नियुक्त बीएलओ एक सप्ताह तक सूची के साथ निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेंगे तथा एक प्रति तहसील कार्यालयों में भी रखी गई है।
इस अवसर पर, उप जिलाधिकारी मुख्यालय नवनीता राय, सम्बद्ध तहसीलदार अभिनव कुमार वर्मा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार सहित संबंधित अधिकारीगण और सभी मान्यताप्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
