फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दहेलिया के अमृत सरोवर के पास स्थित भैरव मंदिर में भारतीय जनता पार्टी ने अमृतपुर विधानसभा का डॉ भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान कार्यक्रम आयोजित किया। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत रहे व अध्यक्षता सलेमपुर मंडल अध्यक्ष लालू राजपूत ने की एंव डॉ अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने कहा भारत रत्न डॉक्टर अंबेडकर एक सामान्य पुरुष नहीं बल्कि महामानव थे। उन्होंने गरीब पिछड़े दलित वंचित और शोषित वर्ग के लोगों को न्याय दिलाने के लिए भारतीय संविधान की रचना की। उन्होंने कहा था शिक्षा वह शेरनी का दूध है जो पिएगा वही दहाड़ेगा। शिक्षा व्यक्ति को कितने ऊंचे स्तर पर ले जा सकती है यह डॉ अंबेडकर ने साबित कर दिया। उनका उद्देश्य था समाज के प्रत्येक गरीब वर्ग को अच्छी शिक्षा मिले। उन्होंने कहा कि डॉ आंबेडकर एक वर्ग के नहीं बल्कि पूरे समाज के नेता थे। उन्होंने संविधान देकर सभी को न्याय देने की व्यवस्था सुनिश्चित की। केंद्र सरकार द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम विधेयक महिलाओं को अधिकार दिलाने वाला है जो डॉक्टर अंबेडकर की विचारधारा से प्रेरित है। कांग्रेस सपा जैसे राजनीतिक दल इस विधेयक का विरोध कर रहे हैं वह महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण के पक्ष में नहीं है। 2027 के चुनाव में महिलाओं को शक्ति देने वाले बिल का विरोध करने वाले लोगों को जवाब मिलेगा। अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने कहा डॉ आंबेडकर के विचार सामाजिक समानता शिक्षा न्याय और स्वतंत्रता पर आधारित है। उन्होंने जाति व्यवस्था छुआछूत और महिलाओं के उत्पीड़न का पुरजोर विरोध किया तथा संवैधानिक अधिकारों बंधुत्व और शिक्षा के माध्यम से दलित व वंचितों वर्ग के उत्थान पर जोर दिया था। उनका मुख्य उद्देश्य था शिक्षित बनो संगठित बनो और संघर्ष करो। भाजपा सरकार उनके विचारों को लेकर आगे बढ़ रही है। जिला उपाध्यक्ष अभिषेक बाथम ने कहा डॉ अंबेडकर शिक्षा को सशक्तिकरण का सबसे बड़ा हथियार मानते थे। भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री संदीप शाक्य ने कहा कि डॉ आंबेडकर महिलाओं की स्थिति में सुधार के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने कानून के माध्यम से सभी को सामान अधिकार और आर्थिक न्याय सुनिश्चित किया। जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी ने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा विष्णु लाल जाटव, मंडल मंत्री परमजीत कौर, मंडल अध्यक्ष लालू राजपूत, महेश गौतम, विश्व प्रताप सिंह चीनू, रमेश सोमवंशी, संजीव अग्निहोत्री, विनीत राठौर, संदीप तिवारी, रामतीर्थ कुशवाहा, पूरन कुशवाहा, धर्मेंद्र सोमवंशी, पिंटू सोमवंशी, जितेंद्र सिंह, विकास सिंह, गिरीश चंद्र त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
महिलाओं को अधिकार दिलाने का दस्तावेज है महिला शक्ति वंदन अधिनियम : लाखन सिंह