बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। तिर्वा तहसील में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुए तहसील दिवस में 186 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान चकबंदी अधिकारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने उनका एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।
शनिवार को तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने की। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी मौजूद रहे। आम जनता से अवैध कब्जा, पैमाइश, अवैध निर्माण, राशन सहित विभिन्न प्रकार की 186 शिकायतें प्राप्त हुईं।
राजस्व संबंधी 15 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही राजस्व टीम भेजकर कराया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण तरीके प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए और शिकायतकर्ता संतुष्ट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए और उनका निस्तारण समय पर किया जाए।
वेतन काटने का आदेश दिया
तहसील दिवस में चकबंदी अधिकारी की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और उनके एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया। एसडीएम राजेश कुमार ने इसकी पुष्टि की।
इस अवसर पर एसडीएम राजेश कुमार, तहसीलदार अवनीश कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
