बृजेश चतुर्वेदी
लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। सपा और कांग्रेस का झंडा जलाए जाने पर यूपी भाजपा नेतृत्व राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव और सदस्य ऋतु शाही से नाराज है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री धर्मपाल सिंह ने किसी राजनीतिक दल का झंडा फूंकने और बिना पर्याप्त संख्या के प्रदर्शन पर नाराजगी जताई है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, दोनों महिला नेताओं से लिखित जवाब तलब किया जा सकता है। हालांकि, संगठन का एक गुट केवल मौखिक जवाब तलब करके मामले को रफा-दफा करने के पक्ष में है।
दरअसल, 17 अप्रैल को संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम को पेश किया गया था। सपा-कांग्रेस और विपक्ष के विरोध के चलते यह बिल संसद में पास नहीं हो सका था। इसके बाद उसी दिन देर रात लखनऊ में विधानसभा के सामने प्रदर्शन किया था।
अपर्णा यादव और ऋतु शाही कुछ महिलाओं के साथ विधानसभा के बाहर पहुंचीं। सपा और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोनों पार्टियों का झंडा जलाया था।

