काग्रेंस का पीएम मोदी के खिलाफ विषेशाधिकार हनन नोटिस

‘‘राष्ट्र के नाम संबोधन में विपक्षी दलों को निशाना बनाने पर ऐतराज’’
नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। 
कांग्रेस ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया। इसमें आरोप लगाया गया है कि सदन में महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक के पारित न होने के बाद प्रधानमंत्री ने राष्ट्र के नाम संबोधन में विपक्षी दलों पर आक्षेप लगाया, जो सदन के विशेषाधिकार का हनन और अवमानना का गंभीर मामला है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने लोकसभा में प्रक्रिया और कार्य संचालन के नियम 222 के तहत दिए नोटिस में यह आग्रह भी किया कि संसद की गरिमा और इसके सदस्यों को दी गई संवैधानिक सुरक्षा को बनाए रखने के लिए तत्काल और निर्णायक कदम उठाया जाए, ताकि इस तरह के उल्लंघन को न दोहराया जाए। वेणुगोपाल ने कहा, ‘सरकार द्वारा संसद में अपेक्षित बहुमत न जुटा पाने पर प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र को संबोधित करना अभूतपूर्व है, जो अनैतिक और सत्ता का खुला दुरुपयोग है। प्रधानमंत्री का इस तरह का बयान देना सदन के विशेषाधिकार का हनन और अवमानना का गंभीर मामला है।’ कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, ‘प्रधानमंत्री का राष्ट्र के नाम संबोधन हमेशा राष्ट्रीय एकता और विश्वास निर्माण के सर्वोपरि उद्देश्य के लिए समर्पित होता है। लेकिन, इस संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने पक्षपातपूर्ण ढंग से बात की, कांग्रेस पार्टी पर 59 बार नाम लेकर हमला किया।’