अखिलेश यादव का प्रतीकात्मक ‘श्राद्ध’ कर जताया विरोध
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण विधेयक) को लेकर विपक्षी दलों द्वारा अपनाए गए रुख और बयानबाजी के विरोध में आज कन्नौज की महिलाओं का आक्रोश सड़कों पर उतर आया। स्थानीय महिलाओं ने कपूरापुर(मानीमऊ) एकजुट होकर न केवल विपक्ष की ‘सद्बुद्धि’ के लिए हवन-पूजन किया, बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का प्रतीकात्मक रूप से ‘श्राद्ध’ कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
शहर के प्रमुख स्थल पर एकत्रित दर्जनों महिलाओं ने मंत्रोच्चार के साथ ‘सद्बुद्धि यज्ञ’ का आयोजन किया। महिलाओं का कहना था कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए एक ऐतिहासिक कदम है, लेकिन विपक्षी दल अपनी संकीर्ण राजनीति के चलते इसमें रोड़ा अटका रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के प्रति नाराजगी जताते हुए उनका प्रतीकात्मक ‘श्राद्ध’ किया। महिलाओं ने तर्क दिया कि जो राजनीतिक दल महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों के विरुद्ध खड़े होते हैं, वे सामाजिक और राजनीतिक रूप से मृतप्राय हैं।
नारेबाजी: इस दौरान “नारी शक्ति के सम्मान में, बहन-बेटियाँ मैदान में” और “महिला विरोधी राजनीति बंद करो” जैसे नारे गूंजते रहे।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही स्थानीय महिला नेत्रियों ने कहा “एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में उचित भागीदारी देने के लिए कानून बना रहे हैं, तो दूसरी ओर अखिलेश यादव और अन्य विपक्षी नेता अपनी पुरुष प्रधान मानसिकता के कारण इसका विरोध कर रहे हैं। कन्नौज की महिलाएं इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेंगी। हमने आज भगवान से प्रार्थना की है कि विपक्ष को सद्बुद्धि मिले ताकि वे देश की आधी आबादी के हक का विरोध करना बंद करें।”
प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित होने के दौरान और उसके बाद विपक्षी नेताओं ने जिस तरह की भाषा और व्यवहार का प्रदर्शन किया, वह नारी शक्ति का अपमान है। कन्नौज, जो कभी सपा का गढ़ रहा है, वहां से इस तरह का विरोध संदेश देता है कि अब महिलाएं वोट बैंक की राजनीति से ऊपर उठकर अपने अधिकारों के प्रति सजग हो चुकी हैं। इस दौरान महिला नेत्री दीप शिखा पाल, गुंजन दोहरे, पायल राजपूत, चंदावटी, बबीता, रजनी समेत सम्मानित मातृ शक्ति मौजूद रही।

