कन्नौज: “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” श्रद्धा, आस्था और सांस्कृतिक गौरव के साथ मना

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। सोमनाथ मंदिर की हजार वर्षों की अदम्य एवं गौरवशाली यात्रा तथा मंदिर के पुनरुद्धार के 75 वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर जनपद कन्नौज के 54 प्रमुख शिव मंदिरों में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चन, रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर अपनी आस्था प्रकट की।

इसी क्रम में गौरी शंकर मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण एवं जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री व पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया की उपस्थिति रही।

इस अवसर पर अतिथियों द्वारा गौरी शंकर मंदिर में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। साथ ही जनपद के 54 शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। श्रद्धालु पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए तथा प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रमों के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।