बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में मान्यता प्राप्त विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के जेंडर रेशियो में महिला मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत कम होने पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने स्तर से भी अधिक से अधिक पात्र महिलाओं से फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं, जिससे जेंडर अनुपात में संतुलन स्थापित हो सके।
उन्होंने कहा कि विधान परिषद (एम.एल.सी.) निर्वाचन हेतु ग्रेजुएट एवं शिक्षक मतदाताओं का सतत पुनरीक्षण कार्य प्रचलित है। पात्र स्नातक एवं शिक्षक मतदाता समय रहते अपना पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
बैठक के उपरांत जिला निर्वाचन अधिकारी ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का विस्तृत मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, बैलट यूनिट कक्ष, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, कक्षों की सीलिंग, डबल लॉक प्रणाली तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का गहन परीक्षण किया गया।
उन्होंने वेयरहाउस में ईवीएम की सुरक्षा एवं रखरखाव की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया तथा कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की, जहाँ सभी कैमरे सुचारु रूप से संचालित पाए गए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कैमरे निरंतर सक्रिय रहें तथा परिसर की स्वच्छता एवं सुव्यवस्था बनाए रखी जाए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।