कन्नौज : डीएम-एसपी ने किया कारागार का मासिक निरीक्षण 

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार द्वारा आज जिला कारागार का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, बैरकों की स्थिति, निरुद्ध बंदियों की सुविधाएं तथा स्वास्थ्य सेवाओं का सूक्ष्म परीक्षण किया गया।

जिलाधिकारी ने सभी बैरकों का भ्रमण कर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश एवं मूलभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि कारागार परिसर में किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री का प्रवेश पूर्णतः रोका जाए तथा सुरक्षा जांच की प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ किया जाए। साथ ही निर्देश दिए कि कारागार में प्रवेश करने वाले प्रत्येक नए बंदी का अनिवार्य रूप से चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाए, जिससे उनकी स्वास्थ्य स्थिति का समय से आकलन हो सके।

जेल अधीक्षक द्वारा अवगत कराया गया कि कारागार की नियमित रूप से चेकिंग की जाती है तथा सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि कारागार की नियमित निगरानी बनाए रखी जाए, निरुद्ध बंदियों की गतिविधियों पर सतत सतर्क दृष्टि रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए।