कन्नौज : पीएनजी उपयोग बढ़ाने के लिए डोर टू डोर अभियान चलाएं: एडीएम 

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) देवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट  गांधी सभागार में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सी०जी०डी०) नेटवर्क की स्थापना एवं प्रगति की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में अवगत कराया गया कि अब तक कुल 4,264 पंजीकरण किए जा चुके हैं, जिनमें से 3,003 मीटर स्थापित किए गए हैं। 610 उपभोक्ताओं के घरों में गैस आपूर्ति प्रारम्भ हो चुकी है तथा गैसयुक्त क्षेत्रों में लगभग 2,500 संभावित उपभोक्ता चिन्हित हैं। इसके अतिरिक्त 03 वाणिज्यिक एवं 02 औद्योगिक गैस सप्लाई एग्रीमेंट (GSA) पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं। एम०डी०पी०ई० नेटवर्क का 95 प्रतिशत गैस चार्जिंग एवं कमीशनिंग सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है।

अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि गैसयुक्त क्षेत्रों में पीएनजी कनेक्शन को बढ़ावा देने हेतु ‘इंटेंसिव पीएनजी कैंपेन के अंतर्गत व्यापक डोर-टू-डोर अभियान, बैनर-पोस्टर एवं जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जाएँ, ताकि अधिकाधिक परिवार पाइप्ड नेचुरल गैस से लाभान्वित हो सकें।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि रेस्टोरेंट, मैरिज होम, कार्यालय परिसरों एवं आवासीय कॉलोनियों को प्राथमिकता के आधार पर सी०जी०डी० नेटवर्क से जोड़ा जाए। साथ ही, किसी भी स्थान पर जलापूर्ति लाइन, विद्युत खम्भे अथवा अन्य सिविल कार्य प्रारम्भ करने से पूर्व गैस पाइपलाइन के मानचित्र का अनिवार्य रूप से अवलोकन किया जाए, जिससे किसी प्रकार की क्षति या दुर्घटना की संभावना न रहे।

अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित करते हुए कार्य में तीव्रता लाने के निर्देश दिए, ताकि जनपद में स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के रूप में पाइप्ड नेचुरल गैस का अधिकतम विस्तार सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार मिश्रा, एचपीसीएल सीजीडी प्रोजेक्ट मैनेजर मो0 अनस सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।