मिलावटखोरी रोकने के लिए एफएसडीए ने चलाया छापामारी अभियान,भरे नमूने

फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उ0प्र0 लखनऊ के आदेश एवं जिलाधिकारी महोदय के निर्देश के अनुपालन में आगामी दीपावली पर्व के अवसर पर मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों के विक्रय पर प्रभावी रोकथाम एवं खाद्य/पेय पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित कराये जाने के उद्देश्य से आज दिनांक 08.10.2025 को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, फर्रूखाबाद अक्षय प्रधान के पर्यवेक्षण में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवदास सिंह, संजय कुमार सिंह एवं अरूण कुमार मिश्र द्वारा निम्न कार्यवाही सम्पादित की गयी।
इस दौरान रेलवे रोड, कायमगंज, जनपद-फर्रूखाबाद स्थित दयाराम के खाद्य प्रतिष्ठान लखपति मिष्ठान भण्डार से खाद्य पदार्थ खोया व बेसन का लड्डू का एक-एक नमूना संकलित किया गया। निकट दुर्गा टॉकिज, कम्पिल रोड, कायमगंज, जनपद-फर्रूखाबाद स्थित सूरज के खाद्य प्रतिष्ठान सूरज मिष्ठान भण्डार से खाद्य पदार्थ खोया व बर्फी का एक-एक नमूना संकलित किया गया। रेलवे रोड, कायमगंज, जनपद-फर्रूखाबाद स्थित सदाराम के खाद्य प्रतिष्ठान से खाद्य पदार्थ बूंदी का लड्डू का एक नमूना संकलित किया गया। बाईपास रोड, कायमगंज, जनपद-फर्रूखाबाद स्थित नवीन गंगवार के खाद्य प्रतिष्ठान नवीन किराना स्टोर से खाद्य पदार्थ छुहारा का एक नमूना संकलित किया गया। साथ ही 20 किलोग्राम बर्फी (बाजारू मूल्य रू0 6000) जोकि खाने योग्य नही थी, को खाद्य कारोबारकर्ता सूरज द्वारा नष्ट कराया गया।